मझिआंव थाना अंतर्गत ऊचरी स्थित आर.के. पब्लिक स्कूल में पुलिस पदाधिकारियों द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में पु0अ0नि0 संजय मुंडा, पु0अ0नि0 तपेश कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
कार्यशाला के दौरान शिक्षकों की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, बाल विवाह की कुप्रथा, सड़क सुरक्षा, नशा के दुष्प्रभाव, डायन-बिसाही सहित समाज में व्याप्त अन्य कुरीतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को इन बुराइयों से बचने और समाज को सुरक्षित व सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
अभियान का उद्देश्य युवाओं को सही दिशा में मार्गदर्शन देना और उन्हें अपराध व सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए तैयार करना था। कार्यक्रम में बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और कई सवाल पूछकर जानकारी हासिल की।