नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत बाजार समिति स्थित यंग स्टार क्लब में दुर्गा पूजा महोत्सव के शुभ अवसर पर भव्य डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया। इसका उद्घाटन करता मुख्य अतिथि सीओ प्रमोद कुमार,निवर्तमान अध्यक्ष सुमित्रा देवी शोभा जयसवाल सताया दुबे ने संयुक्त रूप से फीता काटकर भव्य डांडिया कार्यक्रम का शुभारंभ किया । मझिआंव प्रखंड क्षेत्र में यह पहला अवसर था जब डांडिया का आयोजन हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत की निवर्तमान अध्यक्ष सुमित्रा देवी भी शामिल हुईं और आयोजन की सराहना की। डांडिया की रंग-बिरंगी छटा और पारंपरिक परिधान में सजी महिलाओं ने नृत्य कर वातावरण को भक्तिमय और आनंदमय बना दिया।
यंग स्टार क्लब के अध्यक्ष नीरज कमलापुरी और कमेटी के सक्रिय सदस्यों ने इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उपस्थित जनसमूह ने कहा कि पहली बार हुए इस डांडिया कार्यक्रम ने नगर पंचायत क्षेत्र में सांस्कृतिक आयोजनों की एक नई परंपरा जोड़ दी है।
क्लब अध्यक्ष नीरज कमलापुरी ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता और महिलाओं की उपस्थिति देखकर समिति गदगद है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी वर्षों में इस कार्यक्रम को और भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा।
डांडिया कार्यक्रम का संचालन अशोक कमलापुरी ने किया। उन्होंने कहा कि अगली बार इस आयोजन को और बड़े पैमाने पर किया जाएगा, ताकि यह क्षेत्र की पहचान बने।
स्थानीय लोगों ने भी इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम ने नगर पंचायत क्षेत्र के सांस्कृतिक वातावरण को और समृद्ध किया है। कार्यक्रम स्थल पर उमड़ी भीड़ और भक्ति में लीन माहौल ने इसे यादगार बना दिया।