गोली चालन की घटना में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार, देशी कट्टा बरामद
गढ़वा। गढ़वा जिले के चिनिया थानांतर्गत सिगसिगा खुर्द गांव निवासी भाजपा नेता सह बरवाडीह पंचायत के पंचायत सचिव सदस्य के पति योगेंद्र प्रसाद पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में मझिआव थानांतर्गत करुई गांव निवासी अमित कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह और पलामू जिलांतर्गत पिपराटांड़ थाना के गोंगो गांव निवासी नितेश कुमार सिंह उर्फ नीतू सिंह शामिल हैं। बाद में उनकी निशानदेही पर देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। यह जानकारी एसपी दीपक कुमार पांडेय ने गुरुवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि 7 मार्च को सिगसिगा खुर्द निवासी योगेंद्र प्रसाद पर तहले घाटी में फायरिंग हुआ था। घटना में योगेंद्र घायल हो गए थे। दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान उक्त दोनों को बरवाडीह से गिरफ्तार किया गया। छापामारी दल में रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह के अलावा पुलिस निरीक्षक सुभाष कुमार पासवान, थाना प्रभारी अमित कुमार, नवीन कुमार राणा, राधेश्याम राम सहित सशस्र बल के जवान शामिल थे।