● महिला पर्यवेक्षिका व आंगनबाड़ी सेविकाओं को मिला स्मार्ट फोन
● स्मार्ट फोन से कर सकेंगे कार्यों को आसान
गढ़वा। केन्द्र प्रायोजित योजना ‘पोषण अभियान’ केतहत जिले के कुल 09 परियोजनाओं के 1330 आंगनबाड़ी केन्द्रों के सेविकाओं तथा 50 महिला पर्यवेक्षिकाओं के लिए स्मार्टफोन वितरण करने हेतु नीलाम्बर पीताम्बर बहुद्देशीय सांस्कृतिक नगर भवन गढ़वा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बताते चलें कि महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग (समाज कल्याण) के अंतर्गत बुधवार को प्रोजेक्ट भवन, रांची में माननीय मुख्यमंत्री, झारखण्ड सरकार के कर कमलों द्वारा महिला पर्यवेक्षिका व आंगनबाड़ी सेविकाओं को स्मार्ट फोन वितरण हेतु कार्यक्रम आयोजित है। उक्त के आलोक में जिला स्तर पर भी महिला पर्यवेक्षिका व आंगनबाड़ी सेविकाओं को स्मार्ट फोन वितरण का कार्यक्रम आहूत की गई, जहाँ जिला समाज कल्याण पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय प्रसाद द्वारा जिले के विभिन्न परियोजनाओं के समस्त महिला पर्यवेक्षिकाओं व आंगनबाड़ी सेविकाओं को एक-एक स्मार्ट फ़ोन प्रदान किये गयें। स्मार्टफोन पा कर सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं ने प्रसन्नता प्रकट करते हुए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं के बीच स्मार्टफोन वितरण के पश्चात परियोजनाओं अंतर्गत विभिन्न संचालित कार्यों को करने में काफी आसानी होगी। अब महिला पर्यवेक्षिका एवं आंगनबाड़ी सेविका द्वारा अपने दायित्वों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रम यथा- आधार वेरीफिकेशन, फेस रिकॉग्निशन, सीबीई एक्टिविटी, इंसेंटिव, मेजरिंग एफिशिएंसी, हाउस विजिट, इंफ्रास्ट्रक्चर डाटा एंट्री एवं एसएएम/एमएएम इत्यादि कार्य आसानी पूर्वक कर सकेंगे।
उक्त कार्यक्रम में उपरोक्त पदाधिकारियों के अतिरिक्त महिला पर्यवेक्षिका प्रतिमा कुमारी, गीता कुमारी, विद्यावती कुमारी समेत जिला अंतर्गत सभी परियोजनाओं के महिला पर्यवेक्षिका एवं आंगनबाड़ी सेविका उपस्थित थें।