मईयां सम्मान योजना की किस्त नहीं मिलने से नाराज़ महिलाएं अंचल कार्यालय पहुंची, न्याय की लगाई गुहारमझिआंव:
नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों की दर्जनों महिलाएं मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना की किस्त नहीं मिलने से नाराज़ होकर अंचल कार्यालय पहुंचीं। सभी महिलाएं अपने-अपने दस्तावेजों के साथ अंचल अधिकारी प्रमोद कुमार से मिलीं और योजना का लाभ दिलाने की मांग की।इस दौरान अधिकारी ने महिलाओं को समझाते हुए कहा कि एक बार पैसा आ चुका है, तो आगे भी आएगा, लेकिन यहां किस्त चेक करने की कोई व्यवस्था नहीं है।महिलाओं ने बताया कि किसी को तीन बार तो किसी को चार बार योजना की राशि मिली, लेकिन उसके बाद से बंद हो गई। लोहरपुरवा निवासी सुशीला देवी, गुलाब देवी, अंजू देवी, रेखा देवी, पूजा देवी, पुष्पा देवी, गुड्डी देवी, बेबी देवी, संजना देवी, राधा देवी तथा आमर गांव की उषा देवी, सबीता देवी, अमृता कुमारी और पम्मी देवी ने बताया कि उन्हें अब तक योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया कि यह योजना चुनाव के समय कुछ महीने चालू रही, फिर बंद कर दी गई। डीबीटी में बैंक खाते की जांच कराने पर सब कुछ सही दिखता है, फिर भी पैसे नहीं आ रहे हैं।महिलाओं ने चेतावनी दी कि अगर अंचल कार्यालय और नगर पंचायत से समाधान नहीं मिला, तो वे जिला मुख्यालय जाकर आंदोलन करेंगी।